बतौली : NH-43 देवरी में पशुओं से भरी बोलेरो पकड़ाई, तस्कर फरार
ग्रामीणों ने 5 गौवंश को कराया मुक्त, गंभीर हालत में पशुओं का इलाज जारी

The Chalta/बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 के देवरी के पास एक बोलेरो वाहन में ठूस-ठूस कर भरे गए 5 गौवंश (3 बैल, 1 गर्भवती गाय और 1 बछड़ा) को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मौके का फायदा उठाकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

ग्रामीणों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर सभी पशुओं को वाहन से मुक्त कराया। पशुओं की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें क्रूरता के साथ ठूंसकर ले जाया जा रहा था। कई पशु चलने की स्थिति में भी नहीं थे, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पशु चिकित्सकों की टीम ने किया उपचार
सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने सभी पशुओं का प्राथमिक उपचार किया, वहीं गंभीर रूप से घायल दो पशुओं को ड्रिप (बोतल) लगाई गई।
ग्राम वेलकोट के सरपंच द्वारा पशुओं की देखभाल के लिए उन्हें अपने संरक्षण में लिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी पशुओं की निगरानी जारी है और पूर्ण स्वस्थ होने तक इलाज किया जाएगा।

संगठित गिरोह पर शक, हथियारबंद तस्करों की आशंका
सूत्रों के अनुसार सरगुजा क्षेत्र में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो पशुओं की खरीद-फरोख्त और चोरी कर उन्हें बूचड़खानों तक पहुंचाने में लगा है।
बताया जा रहा है कि तस्कर रात के समय तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और कई बार हथियारों से लैस रहते हैं, जिससे उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

स्थानीयों के मुख से निकला सवाल
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि
- अक्सर खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से ही पशु तस्करी के मामले उजागर होते हैं
- अब तक तस्करों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है
- जब नियमित रूप से पशु तस्करी हो रही है, तो पुलिस की निगरानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तस्करों पर लगाम लगाने की अपील की है।
जानकारी अनुसार फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार तस्करों की तलाश जारी है।



