सरमना जंगल कांड: स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षक पर कार्रवाई की मांग
युवती संग जंगल में पकड़े जाने का मामला, डीईओ को सौंपा गया ज्ञापन—जांच के लिए बनी 4 सदस्यीय टीम

The Chalta/बतौली के ग्राम सरमना स्थित जंगल में युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दिनेश कुमार झा को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षक के निलंबन की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में विजय यादव, भूपेंद्र गुप्ता, मोनू तिवारी और सुमित उपाध्याय शामिल रहे। उन्होंने डीईओ को बताया कि संबंधित शिक्षक का आचरण बेहद अमर्यादित रहा है, जिससे स्कूल की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर 20 तारीख की रात करीब 1 बजे ग्राम पंचायत सरमना के लंकाडांड जंगल में युवती के साथ कार में पाए गए, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने वीडियो भी बना लिया, जो अब गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से शिक्षा जगत की छवि धूमिल हुई है और अभिभावकों में भी आक्रोश है। कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने में हिचकिचा रहे हैं। ज्ञापन में ऐसे आचरण को “घिनौना” बताते हुए तत्काल निलंबन की मांग की गई है।

इस पूरे मामले पर डीईओ दिनेश कुमार झा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



