राजापुर विवाद: विधायक के दो समर्थकों ने किया सरेंडर, प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर के बाद दो आरोपियों ने सीतापुर थाने में किया आत्मसमर्पण, विधायक ने एसडीएम और नायब तहसीलदार को हटाने की उठाई मांग

सीतापुर, 3 जून। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार माणिक नायक की लिखित शिकायत पर थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 190/2026 के मामले में नामजद आरोपी नाजिम रजा (34 वर्ष) एवं पंकज गुप्ता (30 वर्ष) बुधवार को पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। मामला 27 मई 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132 एवं 191(2) के तहत अपराध कायम किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की विवेचना अभी जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि राजापुर उप तहसील कार्यालय में हुए विवाद के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप लगा था। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इधर, राजस्व कार्य प्रभावित होने से आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि कार्य पर नहीं लौटने की स्थिति में प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं दूसरी ओर विधायक के समर्थन में भाजपा मंडल अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज, विभिन्न छात्र संगठन तथा उनकी बहन के समर्थन में मितानिन संघ भी मैदान में उतर आया है। इन संगठनों ने नायब तहसीलदार की गिरफ्तारी एवं निलंबन तथा विधायक पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार विधायक की ओर से सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक को हटाने की मांग भी उठाई गई है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में वरिष्ठ भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर पर चर्चा चल रही है। हालांकि दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।



