chhattisgarhसरगुजासीतापुर

केसला में बन रहा सर्व हिंदू समाज मुक्ति धाम,विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया स्थल निरीक्षण

सीतापुर नगर मांड नदी किनारे प्रस्तावित मुक्तिधाम में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर हुई चर्चा, सामाजिक संगठनों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

The chalta/सीतापुर। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए बहुप्रतीक्षित मुक्तिधाम निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है। केसला स्थित मांड नदी के समीप प्रस्तावित मुक्तिधाम स्थल का निरीक्षण विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा किया गया। इस दौरान मुक्तिधाम के व्यवस्थित विकास और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बताया गया कि साहू समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम की मांग की जा रही थी। साहू समाज के अध्यक्ष सदानंद गुप्ता एवं समाज के अन्य पदाधिकारियों ने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए नगरवासियों की समस्याओं से अवगत कराया था।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए साहू समाज के वरिष्ठ समाजसेवी बद्री प्रसाद गुप्ता ने 12 डिसमिल भूमि दान कर अनुकरणीय योगदान दिया है। उल्लेखनीय है कि बद्री प्रसाद गुप्ता वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील गुप्ता के पिता हैं। उनके इस सहयोग की क्षेत्रवासियों एवं सर्व हिंदू समाज द्वारा सराहना की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि मुक्तिधाम जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था। विशेषकर वर्षा ऋतु में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एक सुव्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम का निर्माण समय की आवश्यकता है।

स्थल पर मौजूद सामाजिक बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर मुक्तिधाम में आवश्यक व्यवस्थाओं, आधारभूत ढांचे तथा सौंदर्यीकरण संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। उद्देश्य है कि नगरवासियों को शीघ्र ही ऐसा मुक्तिधाम उपलब्ध कराया जाए, जहां अंतिम संस्कार की सभी आवश्यक सुविधाएं सम्मानजनक एवं सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर साहू समाज के वरिष्ठजन, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा मंडल सीतापुर के पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button