अभाविप के आंदोलन के बाद केन मेमोरियल छात्रावास बंद, जांच में मिलीं सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां
15 वर्षीय छात्र आशुतोष लकड़ा की करंट से मौत के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई, पहले वार्डन निलंबित और अब छात्रावास संचालन पर रोक; मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अभाविप ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

सीतापुर (सरगुजा)। सीतापुर स्थित केन मेमोरियल अशासकीय विद्यालय के छात्रावास में विद्युत करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र आशुतोष लकड़ा की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा द्वारा 27 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत छात्रावास के संचालन पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 10 अक्टूबर 2026 को छात्रावास में विद्युत करंट की चपेट में आने से कक्षा में अध्ययनरत 15 वर्षीय छात्र आशुतोष लकड़ा की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही मामले को लेकर आक्रोश व्याप्त था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने छात्र की मौत को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए घेराव किया था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी।

अभाविप के आंदोलन और कड़े रुख के बाद पहले छात्रावास के वार्डन को निलंबित किया गया। वहीं, अब शिक्षा विभाग की जांच में छात्रावास की विद्युत एवं भवन सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आने के बाद छात्रावास संचालन पर रोक लगा दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संस्था प्रबंधन से घटना के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। संस्था का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में छात्रावास की विद्युत वायरिंग की उपयुक्तता एवं सुरक्षा प्रमाणपत्र तथा भवन सुरक्षा प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आई। विभाग ने इसे छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों के जीवन और सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम माना है।
सुरक्षा प्रमाणपत्र के बाद ही दोबारा शुरू होगा संचालन
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रावास का संचालन तभी दोबारा शुरू किया जा सकेगा, जब संस्था प्रबंधन विद्युत वायरिंग का सक्षम विशेषज्ञ से निरीक्षण कराकर वैध सुरक्षा प्रमाणपत्र, भवन का सुरक्षा प्रमाणपत्र और विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करेगा। इसके साथ ही विभागीय निरीक्षण एवं सत्यापन के बाद सक्षम प्राधिकारी से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
प्रतिबंध की अवधि में छात्रावास को किसी अन्य नाम या व्यवस्था के तहत संचालित करने की भी अनुमति नहीं होगी। संस्था प्रबंधन को वर्तमान में निवासरत विद्यार्थियों के सुरक्षित स्थानांतरण और उनके हितों की रक्षा के लिए तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रावास बंद होना छात्र शक्ति की पहली जीत, न्याय अभी अधूरा : रितेश गुप्ता
अभाविप के नगर मंत्री सीतापुर रितेश गुप्ता ने कहा कि छात्रावास बंद होना छात्र शक्ति की पहली जीत है, लेकिन न्याय अभी अधूरा है। विद्यार्थी परिषद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देती है कि लिखित आश्वासन के अनुसार यदि मृतक छात्र के पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा नहीं दिया गया और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद आगे और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अब निगाहें मुआवजे और जवाबदेही पर
छात्र आशुतोष लकड़ा की मौत के बाद छात्रावास वार्डन का निलंबन और अब छात्रावास संचालन पर प्रतिबंध, इस मामले में हुई प्रमुख प्रशासनिक कार्रवाइयां हैं। हालांकि, अभाविप की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो। ऐसे में अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे क्या कदम उठाते हैं।



