आपके पास भी है अपने पसंदीदा क्रिएटर को विजेता बनाने का मौका!12 बजे तक
सुशासन सरकार की विशेष पहल, 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 पुरस्कार उपश्रेणियों में होगा सम्मान; 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से पहचान बनाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार एक विशेष पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 25 नवंबर 2026 को रायपुर में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश की डिजिटल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समाज, संस्कृति, कला, पर्यटन और प्रदेश की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने वाले क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को प्रोत्साहित करना है। तेजी से बढ़ते डिजिटल दौर में सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह सूचना, शिक्षा, जनजागरूकता और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी प्रभावी मंच बन चुका है।
16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों में होगा सम्मान
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसमें कुल 16 मुख्य अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। इन मुख्य पुरस्कारों के अंतर्गत 46 अलग-अलग उपश्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें लाइफस्टाइल, फूड एंड फैशन, संस्कृति, विरासत एवं पर्यटन, क्रिएटिव कंटेंट, कॉमेडी एंड एंटरटेनमेंट तथा ट्राइबल वॉइस जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
इन श्रेणियों के माध्यम से अलग-अलग विषयों पर डिजिटल सामग्री तैयार करने वाले क्रिएटर्स को उनकी मेहनत, रचनात्मकता और प्रभाव के आधार पर पहचान मिलेगी। विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र के साथ कुल 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के 6 विजेता भी होंगे शामिल
समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के छह विजेता भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रसिद्ध आरजे शरत कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि जाने-माने डिजिटल क्रिएटर राज शमानी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी क्रिएटर्स के साथ कार्यशालाएं, विशेषज्ञ सत्र और नेटवर्किंग गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे प्रदेश के नए और उभरते क्रिएटर्स को कंटेंट निर्माण, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया की संभावनाओं और इस क्षेत्र में करियर बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
बस्तर की संस्कृति और आदिवासी परंपराओं का दिखेगा डिजिटल रंग
यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में भजन क्लबिंग के माध्यम से भक्ति और आधुनिक संगीत का संगम प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं बस्तर रैम्प वॉक के जरिए आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और जनजातीय विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक एवं आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
डिजिटल क्रिएटर्स को मिलेगा नई पहचान बनाने का अवसर
आज के दौर में यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बड़े माध्यम बन चुके हैं। प्रदेश के अनेक युवा अपनी रचनात्मकता के जरिए छत्तीसगढ़ की लोककला, खानपान, पर्यटन स्थलों, जनजातीय परंपराओं और ग्रामीण जीवन को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।
ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ प्रदेश में डिजिटल क्रिएटर इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे युवाओं को डिजिटल क्षेत्र में नए अवसर तलाशने और अपनी रचनात्मकता को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
पब्लिक वोटिंग: पसंदीदा क्रिएटर्स के चयन में आम नागरिकों की भागीदारी के लिए 21 नवंबर से शुरू हुई ऑनलाइन वोटिंग 24 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। इसके लिए [innovatecg.in] पर जानकारी उपलब्ध है।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह आयोजन प्रदेश की डिजिटल प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ संस्कृति, कला और विरासत को डिजिटल मंच पर नई पहचान दिलाने का प्रयास है।



