सीतापुर महाविद्यालय ने सेक्टर स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मारी बाजी
13 महाविद्यालयों की 50 से अधिक छात्राओं ने लिया हिस्सा, मेजबान महाविद्यालय प्रथम, अंबिकापुर द्वितीय और बलरामपुर तृतीय स्थान पर रहा

The Chalta/सीतापुर (सरगुजा)। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर में सेक्टर स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 13 महाविद्यालयों की 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेजबान महाविद्यालय सीतापुर ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री रामकुमार टोप्पो शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. टोप्पो ने की।

इस अवसर पर विधायक श्री टोप्पो ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से भारतीय संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को देश के गौरव एवं सम्मान को ध्यान में रखते हुए खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेलकूद से न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने 200 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विधाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर महाविद्यालयों की अंतिम परिणाम सूची घोषित की गई।
प्रतियोगिता में शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजमोहिनी देवी शासकीय कन्या महाविद्यालय, अंबिकापुर द्वितीय तथा शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, बलरामपुर तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं प्रतियोगिता का सफल संचालन आयोजन सचिव तथा क्रीड़ा अधिकारी श्री धीरज कुमार मिश्रा के निर्देशन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



