छत्तीसगढ़ विधानसभा में ‘SANKALP’ बजट 2026–27 पेश: विधायक रामकुमार…
सीतापुर की आवाज़ गूंजी प्रश्नकाल में, खेल मैदानों के विकास पर मिला भरोसा

The Chalta/छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के प्रथम दिवस पर राज्य के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने वर्ष 2026–27 का बजट ‘SANKALP’ थीम के साथ प्रस्तुत किया। यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सभी वर्गों के कल्याण तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में सरकार के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ विज़न के अनुरूप बताया गया, जिसमें अधोसंरचना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), पर्यटन, स्टार्टअप और खेल उत्कर्ष मिशनों पर विशेष बल दिया गया है।

प्रश्नकाल में सीतापुर के मुद्दे प्रमुख
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रश्नकाल के दौरान अपने क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठाए।
उन्होंने विशेष रूप से खेल मैदानों की स्थिति पर प्रश्न करते हुए निम्न बिंदुओं पर जानकारी मांगी—शासकीय भूमि का राजस्व अभिलेखों में दर्ज विवरण,पंचायतवार खसरा नंबर की जानकारी,अब तक हुए विकास कार्यों की स्थिति,आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा,माननीय राजस्व मंत्री के माध्यम से इन विषयों पर विस्तृत जानकारी सदन में प्रस्तुत की गई, जिससे खेल अधोसंरचना को लेकर स्पष्टता सामने आई।
खिलाड़ियों के लिए स्थायी खेल मैदान की पहल
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि सीतापुर क्षेत्र के खिलाड़ियों को स्थायी एवं सुव्यवस्थित खेल मैदान उपलब्ध कराए जाएं। आने वाले समय में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर और संसाधन मिल सकें।उन्होंने कहा कि सीतापुर के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनका संकल्प अटल है।

प्रदेश को नई दिशा और नई रफ्तार
सरकार द्वारा प्रस्तुत ‘SANKALP’ बजट को जनकल्याणकारी बताते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी। उनका कहना है कि अधोसंरचना विकास, AI, पर्यटन, स्टार्टअप और खेल क्षेत्र में निवेश से छत्तीसगढ़ को नई दिशा, नई धार और नई रफ्तार मिलेगी। बजट सत्र के प्रथम दिन ही सीतापुर की आवाज़ को मजबूती से सदन में उठाकर क्षेत्रीय विकास के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।



