सुशासन तिहार में किसानों के हितों की आवाज,जिलाध्यक्ष निराला ने खाद आपूर्ति एवं वितरण में पारदर्शिता की उठाई मांग
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला ने खाद आपूर्ति एवं वितरण में पारदर्शिता की उठाई मांग

The Chalta/सरगुजा जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के दौरान किसानों की समस्याओं और खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग तेज हो गई है। भाजपा किसान मोर्चा जिला सरगुजा के जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग को पत्र सौंपकर खाद आपूर्ति और वितरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने जिला नोडल अधिकारी सुशासन तिहार 2026 एवं उप संचालक कृषि विभाग सरगुजा को लिखे पत्र में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान जिले को प्राप्त यूरिया एवं इफको खाद के आवंटन, वितरण और उपलब्धता का पूरा ब्यौरा मांगा है।

अनिल निराला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में किसानों को सही और स्पष्ट जानकारी मिलना आवश्यक है, ताकि शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सरगुजा जिले के लिए आवंटित कुल यूरिया एवं इफको खाद की मात्रा का माहवार एवं सीजनवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
पत्र में IFFCO, KRIBHCO, NFL एवं RCFL जैसी कंपनियों से प्राप्त खाद की कंपनीवार जानकारी भी मांगी गई है। साथ ही विकासखंडवार वितरण, शेष स्टॉक, सोसायटीवार आपूर्ति तथा खरीफ 2024 एवं रबी 2024-25 सीजन के दौरान सीतापुर, बतौली, मैनपाट, लुंड्रा, उदयपुर, लखनपुर और अंबिकापुर क्षेत्रों में भेजे गए खाद का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त खाद वितरण में कालाबाजारी, अधिक दर वसूली और किसानों से जुड़ी शिकायतों की संख्या एवं उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई है। आगामी खरीफ 2025-26 सीजन के लिए केन्द्र सरकार को भेजी गई खाद मांग का विवरण सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई है।
अनिल निराला ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि खाद वितरण व्यवस्था पारदर्शी होगी तो किसानों को राहत मिलेगी और सुशासन तिहार का उद्देश्य भी सार्थक सिद्ध होगा।



