chhattisgarhसरगुजासीतापुर

रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर खिलेश साहू राज्यपाल के हाथों सम्मानित

विश्व रक्तदाता दिवस पर रायपुर में मिला राज्य स्तरीय सम्मान, होप वेलफेयर फाउंडेशन की सेवाओं को मिली नई पहचान

The Chalta संवाददाता/रायपुर/सारंगढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सारंगढ़ के समाजसेवी एवं होप वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक खिलेश साहू को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के कर-कमलों द्वारा रायपुर स्थित लोक भवन में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

होप वेलफेयर फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने, रक्तदान शिविरों का आयोजन करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। संस्था के प्रयासों से सैकड़ों लोगों को नया जीवन मिलने में सहायता मिली है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद खिलेश साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, सहयोगियों और समाजसेवियों का है, जो मानव सेवा के इस पुनीत अभियान में निरंतर अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और मानवता की सेवा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को स्वेच्छा से रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”

उल्लेखनीय है कि होप वेलफेयर फाउंडेशन सारंगढ़ क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए जानी जाती है तथा रक्तदान के क्षेत्र में संस्था का योगदान लगातार सराहना प्राप्त कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button