विधानसभा में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की मुखर आवाज, भर्ती, सुरक्षा, आगजनी और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए अहम मुद्दे
रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की मांग, अपराध और आगजनी के आंकड़े मांगे; हमर लैब की सेवाओं और पुलिस सुविधाओं पर भी सरकार से जवाब तलब

The Chalta/छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र 2026 के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सदन में अपने विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए युवाओं की चिंता सरकार के सामने रखी।

विधायक टोप्पो ने कहा कि छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति बहुल राज्य है, जहां हजारों युवा वर्षों से सरकारी नौकरियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन विभागों में समय पर भर्ती प्रक्रिया नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर जाते हैं और उन्हें नौकरी का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
अपराध और कानून-व्यवस्था पर उठाया सवाल
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक टोप्पो ने सरगुजा जिले में वर्ष 2023 से 26 फरवरी 2026 तक दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी मांगी। उन्होंने गृह मंत्री विजय शर्मा से पूछा कि इस अवधि में बाहरी गैंगों द्वारा लूट, मारपीट और हथियार दिखाकर डराने-धमकाने जैसे कितने मामले सामने आए हैं। साथ ही इन मामलों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और अपराध में शामिल गैंगों की जानकारी थाना वार उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक का कहना है कि इन आंकड़ों से क्षेत्र में अपराध की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा और प्रभावी रणनीति बनाकर क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जा सकेगा।
आगजनी की घटनाओं और अग्निशमन व्यवस्था पर जानकारी मांगी
विधायक टोप्पो ने दूसरा महत्वपूर्ण प्रश्न सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं को लेकर उठाया। उन्होंने वर्ष 2018 से 2026 तक हुई आगजनी की घटनाओं की संख्या तथा उन पर प्रशासन द्वारा किए गए नियंत्रण उपायों की जानकारी मांगी। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध अग्निशमन सेवाओं और संसाधनों का विवरण भी मांगा।
उन्होंने कहा कि आगजनी की घटनाओं से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, इसलिए यह आवश्यक है कि क्षेत्र में आग से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध हों।
हमर लैब की सेवाओं पर भी पूछा सवाल
विधानसभा में विधायक टोप्पो ने लोक स्वास्थ्य मंत्री से भी प्रश्न करते हुए सरगुजा के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित “हमर लैब” से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि वर्ष 2025-26 में हमर लैब में किन-किन बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है और इस अवधि में कुल कितने मरीजों की जांच की गई।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि हमर लैब के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से कितनी राशि का भुगतान किया गया, तथा वर्ष 2025-26 में अभिकर्मक (रीएजेंट) की कितनी खरीद हुई और उस पर कितनी राशि खर्च की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक टोप्पो ने राज्य में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के गठन के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को बधाई दी।
साथ ही उन्होंने सदन में कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें राज्य के हजारों जवानों और अधिकारियों के लिए अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की मांग शामिल है, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पेंशन और अन्य सुविधाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सीतापुर क्षेत्र के पुलिस जवानों और उनके परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी निर्माण की मांग भी उठाई। इसके अलावा पुलिस बल को आधुनिक हथियारों और संसाधनों से लैस करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
दंतेवाड़ा के शहीदों की स्मृति में स्मारक की मांग
विधायक टोप्पो ने वर्ष 2010 के दंतेवाड़ा हमले में शहीद हुए 76 जवानों के बलिदान को याद करते हुए दंतेवाड़ा में शहीद स्मारक स्थापित करने की मांग भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों के बलिदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें, इसके लिए एक भव्य स्मारक का निर्माण आवश्यक है।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि जनता की समस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाना उनका कर्तव्य है और वे आगे भी जनहित के विषयों को मजबूती से उठाते रहेंगे।



