chhattisgarhसरगुजासीतापुर

सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने रखी समस्याएं

जन समस्या निवारण शिविर में 899 आवेदन प्राप्त, विधायक रामकुमार टोप्पो ने दी विकास कार्यों की सौगात

The Chalta/अम्बिकापुर, मैनपाट 14 मई 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मैनपाट विकासखंड के महारानीपुर क्लस्टर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों की मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविर में मांग संबंधी 870 एवं शिकायत संबंधी 29 आवेदन सहित कुल 899 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीतापुर विधायक उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

 

विधायक श्री टोप्पो ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

क्षेत्रवासियों को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात

सुशासन तिहार के अवसर पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने चलता-राजापुर क्षेत्र की जनता को अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात देते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

स्वीकृत विकास कार्यों में शामिल हैं—

  • हर्राटिकरा खोलता पारा उरांवपारा को जोड़ने रपटा पुलिया निर्माण
  • राजापुर-लिचिरमा मार्ग का डामरीकरण
  • कोटछाल-राजापुर पहुंच मार्ग का डामरीकरण
  • मैनपाट क्षेत्र की मितानिन बहनों के लिए 500 व्यक्ति क्षमता वाले मितानिन भवन की स्वीकृति
  • जामकानी के पंडरापाट से परसा पारा पहुंच मार्ग के डामरीकरण को मंजूरी

विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि सभी निर्माण कार्य बरसात से पहले अथवा बरसात समाप्त होते ही प्रारंभ कर दिए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द बेहतर सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

विभागीय स्टॉलों में दी गई योजनाओं की जानकारी

जन समस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। खाद्य विभाग ने राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जानकारी दी। सहकारिता विभाग ने किसानों को सहकारी योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं से अवगत कराया। स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छता एवं अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

हितग्राहियों को सामग्रियों का वितरण

शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि विभाग द्वारा पांच किसानों को स्प्रे पंप वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने दस हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए।

मत्स्य विभाग द्वारा नाव-जाल योजना अंतर्गत दो हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं जाल वितरित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने चार हितग्राहियों को “खुशियों की चाबी” एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। मनरेगा अंतर्गत 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड तथा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 12 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी पैकरा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल सिंह, बीडीसी महेश कुमार तिग्गा, राजपति तिर्की, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, किसान मोर्चा जिला मंत्री विक्की सोनी, मंडल अध्यक्ष जागेश्वर अगरिया, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दुर्गावती कश्यप, एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार मैनपाट राजापुर, जनपद सीईओ खुशबू शास्त्री सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button