पेटला में ब्लॉक स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता की फीकी रही रौनक
42 ग्राम पंचायतों की भागीदारी का था लक्ष्य, दोपहर 1:30 बजे तक पहुंचे महज तीन नर्तक दल; प्रचार-प्रसार में लापरवाही पर उठे सवाल

सीतापुर। विकासखंड सीतापुर के ग्राम पेटला स्थित हाईस्कूल मैदान में 11 नवंबर को आयोजित ब्लॉक स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता में अपेक्षित उत्साह और रौनक नजर नहीं आई। प्रतियोगिता में विकासखंड की 42 ग्राम पंचायतों के नर्तक दलों को शामिल होना था, लेकिन व्यापक प्रचार-प्रसार के अभाव और जिम्मेदारों की कथित लापरवाही के चलते दोपहर 1:30 बजे तक महज तीन नर्तक दल ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इससे आयोजन की तैयारियों और सूचना तंत्र पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर करमा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पारंपरिक लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। ऐसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन में 42 ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी थी, लेकिन अधिकांश पंचायतों के नर्तक दलों का नहीं पहुंचना आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रहा है।
प्रतियोगिता में चयनित विजेता नर्तक दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। वहीं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 13 नवंबर को रायगढ़ में आयोजित संभागीय एवं राज्य स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में ब्लॉक स्तर पर ही प्रतिभागियों की कम संख्या आयोजन के उद्देश्य पर असर डालती नजर आई।
यदि सभी 42 ग्राम पंचायतों के नर्तक दलों की भागीदारी सुनिश्चित होती तो पेटला के हाईस्कूल मैदान में पारंपरिक करमा नृत्य, लोकगीत और जनजातीय संस्कृति का भव्य नजारा देखने को मिलता। लेकिन आयोजन स्थल पर अपेक्षित भीड़ और प्रतिभागियों की अनुपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक फीकी कर दी।
प्रचार-प्रसार को लेकर जांच की जरूरत
अब सवाल यह उठता है कि आखिर 42 ग्राम पंचायतों तक प्रतियोगिता की सूचना कितने दिन पहले पहुंचाई गई थी? इसके लिए किन-किन माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया गया और पंचायत स्तर पर नर्तक दलों को आमंत्रित करने की क्या व्यवस्था की गई थी? यदि समय रहते व्यापक प्रचार-प्रसार और समुचित समन्वय किया गया होता तो संभवतः इतनी कम संख्या में प्रतिभागी नहीं पहुंचते।
पारंपरिक लोककला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ऐसे कार्यक्रमों में जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन जरूरी है। अब यह जांच का विषय है कि प्रतियोगिता में अपेक्षित भागीदारी नहीं होने के पीछे प्रचार-प्रसार की कमी रही या आयोजन की व्यवस्थाओं में कहीं और चूक हुई।



