छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर गठित होंगे ‘किसान मितान’, हर बूथ पर जुड़ेंगे 10 मितान
भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित दिग्गज नेता हुए शामिल, राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने संगठन विस्तार की पहल को बताया अभिनव प्रयोग, किसान मितान ऐप का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा संगठन विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल करने जा रहा है। प्रदेश के करीब 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान का गठन करने की तैयारी है। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10 कार्यकर्ताओं को जोड़ने की योजना बनाई गई है। इस रणनीति से प्रदेशभर में लगभग 2 लाख 70 हजार किसान मितान कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य सामने आया है। संगठन का उद्देश्य किसानों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने में सहयोग करना है।

इसी उद्देश्य से प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर के ऑडिटोरियम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा किसान मितान गठन को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।

हर बूथ पर 10 कार्यकर्ता जोड़ना बड़ी पहल : गुर्जर
कार्यशाला में पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर ने छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा की संगठन विस्तार योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संगठन विस्तार की दृष्टि से एक नया प्रयोग करने जा रहे हैं। किसी मोर्चे द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10 कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन का विस्तार करना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

श्री गुर्जर ने छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। धान यहां की संस्कृति और खानपान का अभिन्न हिस्सा है। इसके उत्पादन और कृषि विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल से लेकर वर्तमान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार तक लगातार प्रयास किए गए हैं।

किसान मितान ऐप का शुभारंभ
कार्यशाला के दौरान किसान मितान ऐप का भी शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल पहल को किसानों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऐप के माध्यम से किसानों से संपर्क, उनकी समस्याओं की जानकारी और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री शंभू कुमार, राष्ट्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी श्री बजरंगी प्रसाद यादव, श्रीमती पिंकी शिवराज शाह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी, प्रदेश प्रभारी श्री पूनम चंद्राकर, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री आलोक चंद्र ठाकुर, भाजपा कार्यालय प्रभारी श्री अशोक बजाज तथा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री राकेश तिवारी एवं डॉ. ओमप्रकाश देवांगन सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेशभर के मंडल अध्यक्षों ने लिया हिस्सा कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलों के मंडल अध्यक्षों ने सहभागिता की। इस दौरान किसान मितान के गठन की प्रक्रिया, संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा किसानों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।



