chhattisgarhसरगुजा
Trending

धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के फैसलों से किसानों को मिलेगा लाभ : रामकुमार टोप्पो

भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता, 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी, 21 क्विंटल प्रति एकड़ सीमा और 13,839 रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता की दी जानकारी

अंबिकापुर। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा करने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रेसवार्ता में मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए किसान हितैषी फैसलों की जानकारी दी। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी की जाएगी। कृषक उन्नति योजना में संशोधन करते हुए धान की फसल के लिए प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के आधार पर आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस निर्णय से प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। किसान यदि अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के हिसाब से 13,839 रुपए प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे छोटे किसानों को भी राहत मिलेगी। सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य रखा है।

15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी की जाएगी। किसानों को धान बेचने के 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जाएगा। एग्रीस्टैक (AgriStack) आईडी से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही समिति में अलग से ऋण पुस्तिका लाने की जरूरत पड़ेगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का ऑनलाइन निर्धारण तथा वास्तविक किसानों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक आधारित खरीदी व्यवस्था की गई है।

प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र

किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इससे कुल खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 3100 हो जाएगी। विधायक ने कहा कि इन व्यवस्थाओं से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिलेगी और खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

तीन वर्षों में किसानों को 35,904 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता

प्रेसवार्ता में बताया गया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में किसानों को कुल 35,904.90 करोड़ रुपए की अंतर राशि प्रदान की गई है। वर्ष 2023-24 में 13,289 करोड़, 2024-25 में 11,976 करोड़ तथा 2025-26 में 10,639 करोड़ रुपए किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए।

धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति एकड़ सहायता राशि 11 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती है।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। कृषक उन्नति योजना में किए गए संशोधन से किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, किसान मोर्चा जिला प्रभारी मुन्नालाल चौधरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव, मोर्चा महामंत्री अनिल तिवारी, जनमेजय मिश्रा, रूपेश दुबे , रूपेश गुप्ता, पुरूषोत्तम पुरोहित एवं कुणाल सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button