बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार का अवसर: सीतापुर कॉलेज में NIIT का कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव आयोजित
तीन वर्षीय समझौते के तहत ग्रामीण युवाओं को मिलेगा आधुनिक बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का प्रशिक्षण, चयनित अभ्यर्थियों को 3.12 लाख रुपये सालाना पैकेज के साथ मिलेगा प्रशिक्षण

सीतापुर (सरगुजा)। ग्रामीण अंचल के युवाओं को बैंकिंग एवं डिजिटल क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर में शनिवार, 31 अक्टूबर को कैरियर मार्गदर्शन सत्र एवं कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। भारत की प्रतिष्ठित कौशल विकास संस्था NIIT Limited के सहयोग से आयोजित इस अभियान में सरगुजा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 को NIIT Limited के साथ तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को आधुनिक आईटी एवं गैर-आईटी क्षेत्रों के अनुरूप तैयार करने के लिए कैरियर मार्गदर्शन, कार्यशालाएं, सेमिनार, वेबिनार और रोजगार क्षमता मूल्यांकन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महाविद्यालय के कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार साहू ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल और आधुनिक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री विकास एक्का रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री किशन उपाध्याय एवं श्री परवेज आलम उपस्थित रहे। वहीं NIIT की ओर से श्री विकास पांडे, भारती मैडम एवं वनिता मैडम ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण कुमार साहू ने किया।
इस अवसर पर NIIT के प्रतिनिधि श्री विकास पांडे ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में तेजी से हो रहे डिजिटल बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारंपरिक बैंकिंग व्यवस्था अब ऑनलाइन लोन, डिजिटल भुगतान और पेपरलेस सेवाओं के माध्यम से आधुनिक स्वरूप ले चुकी है। आने वाले समय में बैंकिंग क्षेत्र में तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षित युवाओं की मांग और बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल बैंकिंग एवं फिनटेक क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया।
3.12 लाख रुपये सालाना पैकेज का अवसर
NIIT तथा ICICI बैंक एवं Axis बैंक के संयुक्त सौजन्य से आयोजित इस कैंपस भर्ती अभियान में ‘रिलेशनशिप मैनेजर’ (ग्राहक संबंध प्रबंधक) पद के लिए विद्यार्थियों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई। चयनित अभ्यर्थियों को 3.12 लाख रुपये वार्षिक (LPA) का प्रारंभिक पैकेज, NIIT की ओर से 15 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण तथा NIIT/IFBI द्वारा विशेष प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस भर्ती अभियान में किसी भी संकाय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक उत्तीर्ण और अधिकतम 25 वर्ष आयु के युवा पात्र हैं। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन एप्टीट्यूड टेस्ट, साक्षात्कार और 15 दिवसीय प्रशिक्षण शामिल है। प्रारंभिक स्क्रीनिंग में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम साक्षात्कार बैंक अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल और डिजिटल साक्षरता भी जरूरी है। NIIT जैसी प्रतिष्ठित संस्था के साथ महाविद्यालय की साझेदारी से विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीखने और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. एस. कुजूर, डॉ. सी. टोप्पो, डॉ. एस. एल. खलखो, डॉ. आर. के. बारगाह, श्रीमती शीला तिर्की एवं सरिता देवी सहित महाविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री आर. के. टाइगर, श्री डी. के. मिश्रा, श्री आदेश गुप्ता, श्री सुनील नाग, श्री ऋषिकेश गुप्ता, श्री दोपेंद्र कौशिक, श्री अनिल प्रताप सिंह, श्री अमर सिंह, सुश्री अंजली बघेल, श्रीमती रिजवाना एवं श्रीमती कविता गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।



