
पीएम-किसान की 24वीं किस्त से छत्तीसगढ़ के 24.60 लाख किसानों को मिलेंगे ₹498.48 करोड़
30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे राशि अंतरित, रायपुर में राज्य स्तरीय पीएम-किसान उत्सव दिवस का होगा आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए 30 अक्टूबर का दिन खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत प्रदेश के लगभग 24 लाख 60 हजार किसानों के बैंक खातों में कुल ₹498 करोड़ 48 लाख की राशि अंतरित की जाएगी। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, कृषि महाविद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से राज्य स्तरीय पीएम-किसान उत्सव दिवस आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से ऑनलाइन माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के किसान भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अन्नदाताओं की आर्थिक मजबूती और कृषि विकास में महत्वपूर्ण संबल है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों को लाभान्वित करने की दिशा में कार्य कर रही है। पीएम-किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है।



