सीतापुर में 12वीं के नाबालिग छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्षेत्र में शोक
महामाया पारा स्थित घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला छात्र, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

The Chalta/सीतापुर। क्षेत्र के महामाया पारा निवासी 12वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, छात्र ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया था। सुबह जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा तो तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए सीतापुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
देवगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ता था छात्र
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र देवगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत था। कुछ दिन पहले उसके साथ कथित अश्लील हरकत से जुड़ा मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
बताया जा रहा है कि उक्त घटना के बाद छात्र कई दिनों तक स्कूल नहीं गया था। हालांकि, पिछले दो-तीन दिनों से उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। फिलहाल इस पूर्ववर्ती मामले और छात्र की मौत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
विधायक ने परिजनों से मिलकर दी सांत्वना
छात्र की मौत की सूचना मिलने पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।
जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छात्र की असमय मौत से परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।


