सरदार पटेल की जयंती पर सीतापुर पुलिस ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ
नगर में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश, स्कूली बच्चों और नागरिकों ने लिया राष्ट्र की एकता बनाए रखने का संकल्प।

सीतापुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार शाम सीतापुर थाना परिसर स्थित पुलिस ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीतापुर पुलिस ने उपस्थित नागरिकों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान एकता नगर परेड ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के भव्य समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। स्कूली बच्चों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से भव्य परेड और देश की सांस्कृतिक विविधता एवं सुरक्षा से जुड़ी झांकियों को उत्साहपूर्वक देखा। साथ ही प्रधानमंत्री के संदेश को सुनते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसडीओपी पीएस पट्टावी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठावान रहने, देश की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने की शपथ ली।
सीतापुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल ने बच्चों एवं आम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को समझते हुए सभी से राष्ट्रहित और सामाजिक सौहार्द के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।



