chhattisgarhसरगुजासीतापुर
Trending

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शिलान्यास, ₹28.41 करोड़ से संवरेगा सीतापुर, बनेगी 3.82 किमी लंबी फोरलेन सड़क

NH-43 पर सोनतराई से सूर तक होगा सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, नाली और स्ट्रीट लाइट की भी होगी व्यवस्था; विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति जताया आभार।

सीतापुर। नगर के विकास को गति देने और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से सीतापुर में 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के निर्माण पर ₹28.41 करोड़ खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़क के दोनों ओर बनेगी डामरीकृत सड़क
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर सोनतराई से सूर तक किलोमीटर 433.850 से 437.670 के बीच सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी डामरीकृत सड़क का निर्माण होगा। इसके साथ ही बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा तथा सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण और पूरी लंबाई में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

बरसात में गड्ढों और गर्मियों में धूल से मिलेगी राहत
सीतापुर नगर में सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में सड़क पर गड्ढों के कारण आवागमन में दिक्कत होती थी, जबकि गर्मियों में धूल से नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती थी। फोरलेन सड़क के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार, आवागमन को सुगम बनाने और नगर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने जताया आभार
सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने इस परियोजना की सौगात के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीतापुर की जनता लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की प्रतीक्षा कर रही थी। ₹28.41 करोड़ की लागत से बनने वाली यह फोरलेन सड़क नगर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

विधायक ने समस्त सीतापुरवासियों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति पुनः धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की रही उपस्थिति
शिलान्यास कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, विधानसभा सीतापुर के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, मोर्चा के पदाधिकारी तथा नगरवासी उपस्थित रहे।
विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीतापुर के विकास के लिए सभी के सहयोग से प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button