chhattisgarhसीतापुर

BRC सीतापुर में 13 अक्टूबर को दिव्यांग बच्चों के लिए लगेगा आकलन शिविर

सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा स्वास्थ्य परीक्षण, यूनिक आईडी कार्ड व दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया

The Chalta/सीतापुर, 12 अक्टूबर 2026। समग्र शिक्षा की समावेशी शिक्षा योजना के तहत सरगुजा जिले में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आकलन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 13 अक्टूबर मंगलवार को सीतापुर एवं मैनपाट विकासखंड के दिव्यांग बच्चों के लिए बीआरसीसी कार्यालय में शिविर लगाया जाएगा। शिविर का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता के आधार पर मूल्यांकन और आवश्यक सहायक उपकरणों की जरूरत का आकलन किया जाएगा। साथ ही यूनिक आईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को अंबिकापुर, बतौली एवं लुंड्रा विकासखंड के बच्चों के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल केदारपुर, अंबिकापुर में शिविर आयोजित किया गया। वहीं, 14 अक्टूबर बुधवार को लखनपुर एवं उदयपुर विकासखंड के बच्चों के लिए सामुदायिक भवन लखनपुर में शिविर लगाया जाएगा।

कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला परियोजना संचालक के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों के सुचारु संचालन के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक दिव्यांग बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र बच्चों को आवश्यक सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button