chhattisgarhसरगुजासीतापुर

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने रचाई शादी, बैलगाड़ी में निकाली बारात बनी आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं....

बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री ने सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू भी वैवाहिक बंधन में बंधे। विधायक का यह निर्णय सामाजिक सरोकार और सादगीपूर्ण जीवन मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

समारोह की विशेष आकर्षण विधायक दीपेश साहू की पारंपरिक बैलगाड़ी बारात रही। उन्होंने लोक संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देते हुए बैलगाड़ी में बारात निकालकर समाज को सादगी, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके इस कदम की उपस्थित जनसमुदाय ने सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहना समाज के लिए प्रेरणादायक होता है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है, जिससे सामाजिक समानता और सामूहिकता की भावना को भी मजबूती मिल रही है।

उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सामूहिक विवाह केवल वैवाहिक बंधन का आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सादगी, समानता और सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने का उत्कृष्ट माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से सभी नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध और सफल दाम्पत्य जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button