पेटला में ब्लॉक स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता में पांच गांवों की टीमों ने बचाई जनपद की लाज
कुनमेरा और डेलसारा के नृत्य दलों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन, 42 ग्राम पंचायतों वाले विकासखंड में महज पांच गांवों की भागीदारी; धान कटाई का हवाला, प्रचार-प्रसार की कमी भी बनी वजह

The Chalta/सीतापुर। विकासखंड सीतापुर के ग्राम पेटला स्थित हाईस्कूल मैदान में 11 नवंबर को ब्लॉक स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विकासखंड की 42 ग्राम पंचायतों की भागीदारी अपेक्षित इस प्रतियोगिता में महज पांच गांवों केरजू, कुनमेरा, पेटला, रजपुरी और डेलसारा के नृत्य दल ही शामिल हुए। इन पांच गांवों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद की लाज बचाई।

प्रतियोगिता में शामिल कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों और मांदर की थाप पर आकर्षक करमा नृत्य प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों के आधार पर कुनमेरा और डेलसारा के नृत्य दलों का चयन जिला स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता के लिए किया गया। अब दोनों गांवों के दल जिला स्तर पर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
करमा नृत्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से लोककला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। हालांकि, इस बार प्रतियोगिता में अपेक्षा के अनुरूप भागीदारी नहीं होने से आयोजन की व्यापकता पर सवाल भी खड़े हुए हैं।
42 ग्राम पंचायतों में से महज पांच गांवों की भागीदारी, प्रचार-प्रसार पर उठे सवाल
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड की 42 ग्राम पंचायतों के नृत्य दलों की भागीदारी अपेक्षित थी, लेकिन प्रतियोगिता में केवल पांच गांवों की टीमें ही पहुंचीं। जिम्मेदारों की ओर से कम भागीदारी की वजह धान कटाई का व्यस्त सीजन बताया जा रहा है। हालांकि, इतनी कम संख्या में टीमों के पहुंचने के पीछे व्यापक प्रचार-प्रसार का अभाव भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में करमा नृत्य की समृद्ध परंपरा और बड़ी संख्या में प्रतिभावान कलाकार होने के बावजूद प्रतियोगिता में सीमित भागीदारी ने आयोजन की तैयारियों और सूचना प्रसार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। यदि समय रहते ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और कलाकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाते तो प्रतियोगिता में अधिक गांवों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकती थी। इसके बावजूद पांच गांवों के कलाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखा।
आयोजन में इनकी रही भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन में जिला पंचायत सदस्य शिवभरोस बेक, जनपद सदस्य जन्मजेय प्रभाकर, शशिवारी पैकरा, सुशील मरावी, सरपंच सुखदेव, गिरधर भगत, वीरेंद्र टोप्पो, सुरेश तिर्की, जनपद पंचायत सीईओ जयगोविंद गुप्ता, सत्येंद्र तिवारी, चंद्रभान भगत, लोमन राम, संजय कुशवाहा, संजय पांडे एवं सतीश सोनी सहित अन्य की भूमिका रही।



