‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस की मंडल स्तरीय चौपाल आयोजित
अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– मताधिकार से वंचित करने की शिकायतें लोकतंत्र के लिए चिंताजनक

संवाददाता सीतापुर। कांग्रेस द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआईसीसी प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ में अभियान के ऑब्जर्वर देवाशीष पटनायक विशेष रूप से उपस्थित रहे। चौपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा तथा निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम काटकर लोगों को उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित आदिवासी समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन आज उसी आदिवासी समाज के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और मतदाताओं के नाम काटे जाने जैसे मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
अमरजीत भगत ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए बिजली बिलों में बढ़ोतरी, जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों को निजी कंपनियों के हवाले किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगलों की कटाई कर अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं मैनपाट में बॉक्साइट खदान खोलने के सरकार के फैसले पर चिंता जताते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज की पहचान एवं आजीविका का आधार हैं। इनके साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्थानीय लोगों के भविष्य को प्रभावित करेगा।
वहीं अभियान के छत्तीसगढ़ ऑब्जर्वर देवाशीष पटनायक ने लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को मतदान संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम कटने की स्थिति में नागरिकों को सजग रहना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना आवश्यक है।
वक्ताओं ने भाजपा पर लगाए मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप
चौपाल में बालकृष्ण पाठक, राकेश गुप्ता, वेदांती तिवारी, आलोक सिंह, आशीष वर्मा, अनूप मेहता, शिव अग्रहरि, शैलेष सिंह, गणेश सोनी, तिलक बेहरा, अनिल पैंकरा, बदरुद्दीन इराकी, प्रेमदान कुजूर, राजेश गुप्ता एवं मनसुख राम सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में मतदाता सूची से नाम काटकर लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाते हुए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का खुलासा किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा सरकार के इशारे पर करोड़ों मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में तिलक राज बेहरा, गणेश सोनी, बिगन राम, संदीप गुप्ता, बदरुद्दीन इराकी, प्रेमदान कुजूर, प्रदीप गुप्ता, अर्जुन उरांव, प्रदीप उरांव, बलकुंदन राम, विमल राम, दीपक गुप्ता, परमेश्वर कुजूर, सुखदेव भगत, विकास गुप्ता, संतोष गुप्ता, राहुल गुप्ता, अनमोल लकड़ा, रामकुमार पटेल, लवी गुप्ता, मतलूब आलम, अमनदीप छाबड़ा, नागेश्वर, लालजी एक्का, मनोज राम, नरेश भगत, संतोष कुजूर, नारायण राम, कृपा राम, लल्ली गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, राजकुमार पैकरा, सुबोध मंजना, ललन भगत, विजय गुप्ता, खुशीराम भगत, ईश्वर साय, लोहर साय, महेंद्र गुप्ता, सुंदर मिंज, युधिष्ठिर टोप्पो, राजा राम, दिशा गुप्ता, दुलेश्वर यादव, सुशीला एक्का, रामप्यारी यादव, बीना तिग्गा एवं शांति तिर्की सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।



