चिरायु की तत्परता से मासूम को मिली नई मुस्कान, जन्मजात कटे होंठ का निःशुल्क सफल ऑपरेशन
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 3 माह के शिशु का समय पर उपचार, अब सामान्य रूप से स्तनपान कर पूरी तरह स्वस्थ

The Chalta/रायगढ़ जिले के तीन माह के शिशु गौरांश सिदार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) की तत्परता से नया जीवन और नई मुस्कान मिली है। जन्म के समय ही उसके कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) की पहचान चिरायु टीम द्वारा की गई। समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कराते हुए उसका निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया गया।

ऑपरेशन के बाद अब गौरांश पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य रूप से स्तनपान कर रहा है। समय पर मिले उपचार से न केवल शिशु के स्वास्थ्य में सुधार हुआ, बल्कि उसके परिवार के चेहरे पर भी खुशियां लौट आई हैं।
प्रदेश सरकार के सुशासन के संकल्प के अनुरूप संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) जन्मजात बीमारियों और विकृतियों से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध करा रहा है। यह योजना प्रदेश के हजारों बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और मुस्कान लेकर आ रही है।



