भ्रष्टाचार पर भारी पड़ा सीतापुर विधायक का हथौड़ा
गुणवत्ता हीन निर्माण पर विधायक रामकुमार टोप्पो सख्त, रिटर्निंग वॉल और पुल तोड़कर पुनर्निर्माण के निर्देश

The Chalta/सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने का स्पष्ट संदेश दिया है। बुधवार को विधायक श्री टोप्पो मैनपाट विकासखंड के भ्रमण पर रहे, जहां उन्होंने ग्राम करमहा में सड़क किनारे बन रहे रिटर्निंग वॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गंभीर गुणवत्ता कमी पाए जाने पर विधायक ने मौके पर ही उक्त निर्माण को तोड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह जनता के पैसे और क्षेत्र के विकास से जुड़ा मामला है, जिसमें लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद विधायक ने ग्राम करमहा में ही सड़क पर नव निर्मित पुल का निरीक्षण किया। यहां भी गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने तत्काल पुल को तोड़कर पुनः निर्माण कराने का निर्देश दिया। विधायक की इस सख्त कार्रवाई से निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

जिस तरह से विधायक रामकुमार टोप्पो गुणवत्ता हीन निर्माण और भ्रष्टाचार पर सीधे कार्रवाई कर रहे हैं, उससे आने वाले समय में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में नए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। विधायक ने दो टूक कहा कि जहां भी गुणवत्ता में कमी मिलेगी, वहां निर्माण तोड़कर दोबारा कराया जाएगा।निरीक्षण उपरांत विधायक रामकुमार टोप्पो मैनपाट के ग्राम असंगवा और सुगापानी पहुंचे, जहां प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र अत्यंत दूरस्थ है और आज तक किसी विधायक का यहां आगमन नहीं हुआ था।

ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए विधायक ने शुद्ध पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मैनपाट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



