पीढ़ियों का इंतजार होगा खत्म? विधायक रामकुमार टोप्पो ने घुटरापारा माझी बस्ती को लिया गोद
जहां अब तक विकास की राह देख रहे थे लोग, वहां जगी नई उम्मीद; बच्चों की शिक्षा से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक बदलाव का दिलाया भरोसा

The Chalta/मैनपाट। कुछ बस्तियां ऐसी होती हैं, जहां विकास की राह देखते-देखते पीढ़ियां गुजर जाती हैं, लेकिन लोगों की बुनियादी जरूरतें अधूरी रह जाती हैं। ऐसी ही तस्वीर मैनपाट विकासखंड के ग्राम बंदना स्थित घुटरापारा माझी बस्ती की है। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना कर रहे यहां के लोगों के लिए अब उम्मीद की एक नई किरण जगी है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस बस्ती को गोद लेने की घोषणा कर इसके समग्र विकास का संकल्प जताया है।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक रामकुमार टोप्पो जब घुटरापारा माझी बस्ती पहुंचे, तो उन्होंने केवल ग्रामीणों से मुलाकात ही नहीं की, बल्कि उनके बीच बैठकर उनकी परेशानियों को समझने का प्रयास भी किया। युवाओं, माताओं-बहनों और बुजुर्गों से बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और लंबे समय से अधूरी पड़ी जरूरतों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
बच्चों की आंखों में बेहतर भविष्य का सपना
इस मुलाकात का एक भावनात्मक पहलू बच्चों के साथ विधायक का आत्मीय संवाद भी रहा। बच्चों से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। किसी भी बस्ती का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं होता, बल्कि वहां के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिलना भी उतना ही जरूरी है।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि घुटरापारा माझी बस्ती को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बस्ती के समग्र विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।
घोषणा से जगी बदलाव की आस
विधायक की इस घोषणा से माझी समाज के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद पैदा हुई है। जिन सुविधाओं के लिए ग्रामीण लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, उन्हें अब उनके पूरा होने की आस बंधी है। हालांकि, इस पहल का वास्तविक असर आने वाले समय में विकास कार्यों की प्रगति से सामने आएगा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल राजापुर के पदाधिकारी, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अब ग्रामीणों को इंतजार है उस बदलाव का, जो उनकी बस्ती की तस्वीर बदल सके, बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे सके और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर जीवन का अवसर प्रदान कर सके। विधायक की घोषणा ने इस उम्मीद को एक नई दिशा दी है।



