NH-130 पर दुर्घटना प्रबंधन में लापरवाही, NHAI ने रखरखाव एजेंसी पर लगाया ₹10 लाख का जुर्माना
चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों की टक्कर के बाद बाधित रहा यातायात; क्रेन ऑपरेटर और आवश्यक संसाधनों की कमी भी आई सामने

The Chalta/अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड में सड़क दुर्घटना के बाद राहत कार्य में देरी और निर्धारित परिचालन मानकों के पालन में लापरवाही के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने संबंधित संचालन एवं रखरखाव एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह आनंद पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
NAHI से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों के बीच टक्कर हो गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में देरी के कारण राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की।
मौके पर नहीं पहुंचे परियोजना प्रबंधक, संसाधनों की कमी से प्रभावित हुआ राहत कार्य
घटना के दौरान सामने आई कमियों के अनुसार, संबंधित एजेंसी का परियोजना प्रबंधक घटनास्थल पर मौजूद नहीं था। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए आवश्यक क्रेन ऑपरेटर उपलब्ध नहीं था। वहीं, रिकवरी उपकरणों में पर्याप्त ईंधन की कमी के कारण भी राहत कार्य प्रभावित हुआ।
इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इन परिस्थितियों के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी हुई और राजमार्ग पर यातायात सुचारु करने में परेशानी आई।
निर्धारित मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई
NHAI ने इन कमियों को दुर्घटना प्रबंधन, राजमार्ग पेट्रोलिंग और आपातकालीन सहायता से संबंधित निर्धारित दायित्वों के पालन में लापरवाही मानते हुए संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है।
प्राधिकरण के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता और समयबद्ध सहायता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। इन मानकों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।



