पत्नी के नशीली दवा सेवन के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
पत्नी अंबिकापुर के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही, पति के मानसिक तनाव में होने की चर्चा; पुलिस जांच में जुटी

The Chalta/थाना सीतापुर। ग्राम पंचायत लीचीरमा में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान साखीराम पिता फुन्दुर राम, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी ग्राम लीचीरमा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, साखीराम ने गुरुवार सुबह भोर में अपने घर के मयार में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि साखीराम की पत्नी सुखमनी पैंकरा ने सोमवार को नशीली दवा का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उन्हें अंबिकापुर स्थित एसआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है और उपचार जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पत्नी के नशीली दवा सेवन की घटना के बाद साखीराम मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसके द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच एवं आगे की कार्रवाई के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



