पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार
पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का भी चयन

The Chalta। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि मिली है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का चयन चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है।
नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



