तेंदूपत्ता संग्राहकों को ₹62.27 करोड़ का बोनस, 4.25 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस पर धरमजयगढ़ से किया प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरण का शुभारंभ, 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के संग्राहक होंगे लाभान्वित

रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें बड़ी सौगात दी है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में संग्रहण वर्ष 2024 के लिए तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) वितरण का शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत प्रदेश की 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े 4 लाख 25 हजार 507 तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को कुल 62 करोड़ 27 लाख रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्राहकों को देश में सर्वाधिक 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से संग्रहण पारिश्रमिक दिया जा रहा है। संग्रहण वर्ष 2026 में प्रदेश के 11.53 लाख संग्राहक परिवारों ने 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया, जिसके एवज में उन्हें 761.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
इसके अतिरिक्त राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत 300 नए प्रकरणों में 3 करोड़ 60 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी वितरित की जा रही है।



