कुएंनुमा गड्ढे में गिरने से दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
काराबेल मुड़ापारा में हुआ हादसा, पानी में डूबने से गई दोनों की जान; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

The Chalta/सीतापुर। काराबेल मुड़ापारा में एक दर्दनाक हादसे में दो ग्रामीणों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशोक बखला (45 वर्ष) एवं कमल तिर्की (55 वर्ष) गांव में स्थित कुएंनुमा गड्ढे में गिर गए। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण दोनों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को कुएंनुमा गड्ढे से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर अस्पताल भिजवाया। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय डीडीसी निर्मल कुजूर,भाजपा किसान मोर्चा राजापुर मंडल अध्यक्ष जागेश्वर अगरिया सहित पंच एवं सरपंच भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें संबल प्रदान करने और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। दोनों ग्रामीणों की असामयिक मृत्यु से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।



