chhattisgarh
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुःख
मृतकों के परिजनों के प्रति प्रकट की संवेदना, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

रायपुर। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोलकाता के चोरबगान स्थित मां दुर्गा पंडाल में आज देर शाम भीड़ की वजह से बड़ा हादसा हो गया,पंडाल का एक हिस्सा ढहने के चलते मची भगदड़ से 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय पंडाल का हिस्सा ढहा, उस दौरान समूचा पंडाल श्रद्धालुओं से ठसाठस भरा हुआ था, पंडाल ढहने के साथ ही श्रद्धालुओं में जान बचाने भगदड़ मच गई, जिससे एक दूसरे से कुचल लोग बड़ी संख्या में घायल होने के साथ अचेत हुए, प्रशासन के द्वारा उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने 17 लोगों को मृत घोषित कर दिया।घटना से लोग शोक में डूब गये।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अपनों को खोने वाले परिवारों के दुःख में उनकी संवेदनाएं उनके साथ हैं। उन्होंने माँ दुर्गा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।



