समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर दो लाख रुपये मांगने का आरोप, तत्कालीन अध्यक्ष गिरफ्तार
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ था मामला, एक लाख रुपये ट्रांसफर करने का परिवाद में उल्लेख; अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

The Chalta/पत्थलगांव, जशपुर। समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के एवज में दो लाख रुपये मांगने के आरोप में पत्थलगांव पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। इसमें आरोप लगाया गया कि समाज से बहिष्कृत किए जाने के बाद दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन करने पर तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा ने दो लाख रुपये की मांग की थी।
परिवाद में उल्लेख है कि 23 सितंबर 2022 को एक लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। इसमें प्रार्थी के एसबीआई खाते से फोन-पे के जरिए शेखर बंजारा के खाते में 60 हजार रुपये तथा उसके मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से 40 हजार रुपये भेजने की बात कही गई है। इसके बावजूद शेष रकम की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया था।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
न्यायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा में अपराध दर्ज किया गया। बाद में घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण पत्थलगांव पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2), 3(5) तथा नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई। इसके बाद ग्राम बटुराबहार के गौटियापारा निवासी शेखर प्रसाद बंजारा (32) को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में तत्कालीन अध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


