सड़क सुरक्षा मैराथन में 800 प्रतिभागियों ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
‘अपना हेल्प क्यूआर’ पहल से मिलेगी दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता, एम्बुलेंस और पुलिस से संपर्क करना होगा आसान

The Chalta/सूरजपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरजपुर में आयोजित मैराथन में करीब 800 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर ‘रोड सेफ्टी अपना हेल्प क्यूआर’ लोगो का शुभारंभ किया गया। पायलट परियोजना के रूप में शुरू की गई इस पहल के माध्यम से नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर एम्बुलेंस एवं पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा परिजनों को सूचना भेजने और गलत पार्किंग की स्थिति में संबंधित वाहन मालिक को अलर्ट करने की सुविधा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और तकनीक के प्रभावी उपयोग से दुर्घटना पीड़ितों तक त्वरित सहायता पहुंचाने की दिशा में प्रयास कर रही है। यह पहल आपातकालीन परिस्थितियों में मदद पहुंचाने और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने में सहायक हो सकती है।


