छह लाख के कथित नशीले पदार्थ जब्त, सीतापुर निवासी एक गिरफ्तार
आरोपी ने आबकारी अधिकारी को जब्त पदार्थ किसी अनमोल का होना बताया

The Chalta/सीतापुर। ऑपरेशन क्लीन के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास एक व्यक्ति से नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद किए। विभाग के अनुसार, जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य छह लाख रुपये है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में 14,144 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, 880 नाइट्रोसम-10 टैबलेट, 1,110 अल्प्रासेन टैबलेट और 20 ओनेरेक्स कफ सिरप जब्त किए गए। मामले में संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

आबकारी विभाग के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) एवं 22(सी) के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर जब्त सामग्री अनमोल की होने की बात कही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह, दीपक पांडेय तथा नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी शामिल रहे।



