कलेक्टर ने जामकानी पहुंचकर सुनी गीता की सफलता की कहानी, मेहनत की सराहना की
विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान की जानकारी साझा करने तथा नियमित न्यूजपेपर पढ़ने की आदत विकसित करने शिक्षकों को दिए निर्देश

अंबिकापुर, 7 अगस्त 2026। सीतापुर अनुविभाग अन्तर्गत मैनपाट विकासखंड के जामकानी दौरे के दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने लखपति दीदी गीता पैंकरा से मुलाकात कर उनके आजीविका एवं आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी ली। गीता पैंकरा ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ऋण प्राप्त कर किराना दुकान शुरू की और अपनी मेहनत से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
गीता पैंकरा ने कलेक्टर सरगुजा को बताया कि वे दुर्गा शक्ति स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह के माध्यम से उन्हें 60 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने किराना दुकान शुरू करने में किया। वर्तमान में दुकान से उन्हें लगभग 10 हजार रुपये प्रतिमाह की आय हो रही है। व्यवसाय के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वे आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने गीता पैंकरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकती हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। उन्होंने गीता को इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किराना दुकान, लघु कुटीर उद्योग और अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को गति दी जा सकती है।
कलेक्टर के सीतापुर विकासखंड दौरे के दौरान जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण, विभिन्न विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था का जायजा तथा राजापुर स्थित टाऊ प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, एसडीएम सीतापुर फागेश सिन्हा, डीपीएम राहुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



