chhattisgarhसरगुजासीतापुर

मुख्यमंत्री साय आज सरगुजा में: सरगुजा ओलंपिक के शुभारंभ पश्चात तिलहन मेले में सहभागिता और कुदरगढ़ महोत्सव में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री के सरगुजा दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं..

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरगुजा संभाग के दौरे पर हैं। अंबिकापुर से लेकर कुदरगढ़ तक उनका व्यस्त कार्यक्रम तय किया गया है, जहां वे कई महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और आमजन की उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री यहां करीब डेढ़ घंटे तक रुकेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे कृषि विश्वविद्यालय अनुसंधान केंद्र पहुंचेंगे, जहां वे राज्य स्तरीय तिलहन मेले में शिरकत करेंगे। लगभग 50 मिनट तक वे विभिन्न प्रदर्शनी और कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे।

कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर से केनापारा, ओड़गी (जिला सूरजपुर) के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:05 बजे केनापारा हेलीपैड पहुंचकर कुदरगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।

दोपहर 3:10 बजे मुख्यमंत्री कुदरगढ़ महोत्सव में शामिल होंगे, जहां वे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 4:20 बजे वे रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के सरगुजा दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button