chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की राष्ट्रपति व रक्षा मंत्री से मुलाक़ात: छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा

राष्ट्रपति को रजत जयंती कार्यक्रमों की दी जानकारी, रक्षा मंत्री से एयरपोर्ट विस्तार और रक्षा उद्योग को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा

The chalta Raipur/नई दिल्ली, 06 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को राज्य में होने वाले सांस्कृतिक, विकास और जनकल्याण से जुड़े आयोजनों के लिए छत्तीसगढ़ आगमन का आमंत्रण भी दिया।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के नागरिकों को राज्य की रजत जयंती की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

इसी दिन मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से भी सौजन्य भेंट की। बैठक में बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, प्रदेश में रक्षा क्षेत्र के विकास, सेना भर्ती रैलियों के आयोजन और नौसैनिक पोतों के नामकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। रक्षा मंत्री श्री सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत किया और केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। यह नीति प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” अभियान के अनुरूप है, जिससे छत्तीसगढ़ में उच्च तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button