रजौटी में धान खरीदी केंद्र निर्माण का रास्ता साफ, दो गांवों के बीच भूमि विवाद समाप्त
एसडीएम प्राची ठाकुर ने सिक्टा पारा में 2.023 हेक्टेयर शासकीय भूमि का किया चिन्हांकन, कार्रवाई के कुछ देर बाद 55 वर्षीय महिला ने किया जहर सेवन; प्रशासन ने बताया महिला की जमीन दूसरे खसरे में

The Chalta/सीतापुर। धान खरीदी केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर ग्राम पंचायत रजौटी और ललितपुर के किसानों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक पहल के बाद सुलझ गया। शनिवार को एसडीएम प्राची ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा में धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया। हालांकि, इस कार्रवाई के कुछ ही देर बाद एक 55 वर्षीय महिला द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना सामने आने से पूरा मामला संवेदनशील हो गया।
जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति ग्राम पंचायत रजौटी के लिए हुई थी, लेकिन बाद में केंद्र का निर्माण ललितपुर में कराने की पहल शुरू कर दी गई। इस पर रजौटी के किसानों ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसके बाद दोनों गांवों के किसानों के बीच केंद्र निर्माण के स्थान को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। काफी प्रयासों के बावजूद सहमति नहीं बनने से धान खरीदी केंद्र का मामला लंबे समय से उलझा हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को एसडीएम प्राची ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने संबंधित भूमि का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा स्थित खसरा नंबर 109 की कुल 5.855 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 2.023 हेक्टेयर भूमि धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की। इस दौरान संबंधित भूमि पर काबिज सभी लोग भी मौजूद थे। प्रशासन की इस पहल से दोनों पंचायतों के बीच चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया और केंद्र निर्माण का रास्ता साफ हो गया।
भूमि चिन्हांकन के बाद महिला के जहर सेवन से घटनाक्रम ने लिया नया मोड़
भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद 55 वर्षीय पियासो बाई पति मेघनाथ लकड़ा द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मेघनाथ का परिवार संबंधित क्षेत्र की भूमि पर वर्षों से काबिज था। प्रशासनिक अमले द्वारा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित किए जाने के बाद परिवार में चिंता और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। इसी बीच परिवार की महिला पियासो बाई ने जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में एसडीएम प्राची ठाकुर ने बताया कि महिला को जमीन को लेकर गलतफहमी हो गई थी, जिसके चलते उसने जहर सेवन कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला की जमीन चिन्हांकित शासकीय भूमि पर नहीं, बल्कि दूसरे खसरा नंबर पर स्थित है। मौके पर सभी संबंधित कब्जाधारी भी उपस्थित थे। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
केंद्र बनने से रजौटी और ललितपुर के किसानों को मिलेगी सुविधा
धान खरीदी केंद्र का निर्माण होने से रजौटी और ललितपुर दोनों गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा धान विक्रय की प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।
बहरहाल, प्रशासनिक पहल से दो पंचायतों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त होने के बाद केंद्र निर्माण का रास्ता तो साफ हो गया है, लेकिन भूमि चिन्हांकन के बाद महिला के जहर सेवन की घटना ने प्रशासनिक कार्रवाई को संवेदनशील बना दिया है। अब क्षेत्र के किसानों को केंद्र निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इस दौरान दोनों गांवों के ग्रामीण, संबंधित कब्जाधारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



