chhattisgarhसरगुजासीतापुर
Trending

धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता, किसान मोर्चा ने मिठाई खिलाकर जताया आभार

सीतापुर में भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले का किया स्वागत, 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी सहायता राशि

सीतापुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान उत्पादक किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है। स्थानीय विश्राम गृह सीतापुर में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 12 नवंबर को जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026 में बोए गए धान के सत्यापित रकबे के आधार पर किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

योजना के तहत धान की अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित है। हालांकि, इस निर्णय की खास बात यह है कि यदि कोई किसान निर्धारित सीमा से कम मात्रा में भी धान बेचता है, तो उसे भी सत्यापित पात्र रकबे के आधार पर निर्धारित आदान सहायता राशि मिलेगी।

भाजपा किसान मोर्चा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय किसानों को खेती की लागत में राहत देने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने किसान हित में लिए गए इस निर्णय के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव, भाजपा मंडल अध्यक्ष सदावर्ती, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ राजकुमार गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, महामंत्री खेमानिधि साहू, भाजपा मंडल महामंत्री संगीता कंसारी, महामंत्री विजय गुप्ता, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष किशन उपाध्याय, गोपाल सिंह एवं सदानंद गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button