chhattisgarhसीतापुर

रावण दहन के साथ डांस का धमाल, सीतापुर में आज सजेगा दशहरे का मंच! विधायक रामकुमार टोप्पो भी होंगे शामिल

लगातार तीसरे वर्ष दशहरा आयोजन में शिरकत करेंगे सीतापुर विधायक, जनता को संबोधित कर देंगे विजयादशमी का संदेश; सीतापुर सुपर डांस प्रतियोगिता सीजन-3 बनेगी आकर्षण और लॉटरी का रोमांच

The Chalta/सीतापुर। विजयादशमी के अवसर पर सीतापुर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आज रावण दहन का भव्य आयोजन होगा। आदर्शनगर दुर्गा पूजा समिति द्वारा वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम और माता सीता की आकर्षक झांकी के साथ रावण दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो लगातार तीसरे वर्ष शामिल होंगे। इस दौरान वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर विजयादशमी के महत्व और सत्य, धर्म व सदाचार के संदेश को साझा करेंगे।

विधायक रामकुमार टोप्पो की मौजूदगी रहेगी खास

दशहरा आयोजन में विधायक रामकुमार टोप्पो की लगातार तीसरे वर्ष सहभागिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। रावण दहन के अवसर पर उनके संबोधन को लेकर भी लोगों की निगाहें रहेंगी। विजयादशमी के संदेश के साथ यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनेगा।

रावण दहन के बाद सजेगा डांस का मंच

रावण दहन के बाद लालबहादुर स्टेडियम परिसर में बने मंच में सीतापुर सुपर डांस प्रतियोगिता सीजन-3 आयोजित होगी। इसमें अंतरराज्यीय डांस टीमें अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर के साथ प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार भी मिलेगा, वहीं दर्शकों को प्रतिवर्ष की तरह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।

दशहरा डांस प्रतियोगिता सीजन-3 में प्रथम पुरस्कार ₹31,000, द्वितीय पुरस्कार ₹21,000, तृतीय पुरस्कार ₹11,000 और चतुर्थ पुरस्कार ₹7,100 रखा गया है। प्रथम पुरस्कार के प्रायोजक सूरज वर्ल्ड कलेक्शन, द्वितीय पुरस्कार के प्रायोजक कान्हा फ्यूल्स, सीतापुर, तृतीय पुरस्कार के प्रायोजक आंचल ड्रेसेस, सीतापुर तथा चतुर्थ पुरस्कार के प्रायोजक धर्मपुर फुटबॉल क्लब हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन शुल्क ₹1,001 निर्धारित किया गया था।

लॉटरी प्रतियोगिता को लेकर भी उत्सुकता

आदर्शनगर दुर्गा पूजा समिति की लॉटरी प्रतियोगिता भी आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण है। इसमें शामिल प्रतिभागियों को परिणाम का इंतजार रहेगा। किसकी किस्मत चमकेगी और किसके नाम पुरस्कार निकलेगा, इसे लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।

तीन दशक से अधिक पुरानी परंपरा

सीतापुर में आदर्शनगर दुर्गा पूजा समिति द्वारा वर्षों से विजयादशमी पर रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया जाएगा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनभागीदारी से सजा यह आयोजन सीतापुर के दशहरा उत्सव को खास बनाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button