अब किसान मोबाइल ऐप से खुद कर सकेंगे खाद की बुकिंग
सीतापुर में रबी सीजन से लागू हुई ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ व्यवस्था, क्यूआर टोकन से सुनिश्चित होगा खाद का सुरक्षित उठाव

सीतापुर, 16 अक्टूबर 2026। किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने नई पहल शुरू की है। भारत सरकार की नवीन व्यवस्था ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework for Fertilizer Sale) के तहत अब किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत के अनुसार खाद की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे। यह व्यवस्था वर्तमान रबी सीजन से लागू की गई है।
उप संचालक कृषि सरगुजा श्री पीतांबर सिंह दीवान के निर्देशन में कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा इस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही अनावश्यक भीड़, कतार और परेशानी से राहत दिलाना है।
अपनी पसंद की दुकान से कर सकेंगे बुकिंग
नई व्यवस्था के तहत किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी पसंद की खाद दुकान, फसल और आवश्यक उर्वरक का चयन कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होते ही किसान के नाम पर क्यूआर (QR) टोकन जारी होगा। टोकन जारी होने का अर्थ है कि संबंधित किसान के लिए खाद की बुकिंग दर्ज हो गई है। इससे दुकानदार द्वारा बुक की गई खाद किसी अन्य व्यक्ति को बेचने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
तीन दिनों तक वैध रहेगा क्यूआर टोकन
कृषि विभाग के अनुसार, जनरेट किया गया क्यूआर टोकन जारी होने की तारीख से तीन दिनों तक वैध रहेगा। इससे किसानों को खाद लेने के लिए तत्काल भागदौड़ करने की जरूरत नहीं होगी। निर्धारित अवधि के भीतर किसान संबंधित दुकान पर पहुंचकर अपना टोकन दिखाकर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
फार्मर आईडी या पंजीकृत मोबाइल नंबर से होगा सत्यापन
ऐप का उपयोग करने के लिए किसानों को अपनी फार्मर आईडी (Farmer ID) अथवा पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। यह प्रक्रिया बुकिंग को सुरक्षित बनाने और सही किसान तक उर्वरक पहुंचाने में सहायक होगी।
नई व्यवस्था में किसानों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। यदि कोई किसान स्वयं खाद लेने दुकान तक नहीं पहुंच सकता, तो वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना क्यूआर टोकन दिखाकर खाद मंगवा सकता है।
सीतापुर विकासखंड में प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान
नई तकनीक के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए सीतापुर विकासखंड के विभिन्न स्थानों पर लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में किसानों के साथ-साथ उर्वरक विक्रेताओं, दुकानदारों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों (RAEO) को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एसडीओ (कृषि) सीतापुर श्रीमती अनीता एक्का, एसएडीओ श्रीमती लिली मॉरिस बाखला तथा मास्टर ट्रेनर श्री संतोष कुमार बेक एवं श्री रवि प्रकाश भगत द्वारा किसानों और संबंधित कर्मचारियों को नई व्यवस्था की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
किसानों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील
संतोष बेक उर्वरक निरीक्षक ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे रबी सीजन में ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ मोबाइल ऐप का अधिकाधिक उपयोग करें। समय रहते खाद की अग्रिम बुकिंग कर किसान अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कर सकते हैं। इससे खाद खरीदने के दौरान होने वाली अनावश्यक परेशानी कम करने और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।



