“16वें सत्र 2026” मैनपाट पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में 380 नवआरक्षकों का दीक्षांत परेड समारोह संपन्न
पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने ली परेड की सलामी, नवआरक्षकों को दिलाई गई शपथ; विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

The Chalta/मैनपाट। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट, सरगुजा में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण के 16वें सत्र 2026 का दीक्षांत परेड समारोह शुक्रवार, 20 नवंबर को आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा क्षेत्र श्री दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) रहे। उनके द्वारा सुबह 9 बजे दीक्षांत परेड की सलामी ली गई।

परेड की सलामी के बाद मुख्य अतिथि ने नवआरक्षकों के परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक मैनपाट जिला सरगुजा डॉ. राजेंद्र प्रसाद भैया ने नवआरक्षकों को शपथ दिलाई। दीक्षांत परेड के बाद पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट द्वारा प्रशिक्षण संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें नवआरक्षकों के प्रशिक्षण एवं संस्था से संबंधित जानकारी दी गई।
अपने उद्बोधन में पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आरक्षक पुलिस विभाग का अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण अंग तथा विभाग की नींव हैं। आरक्षक लगातार आमजन के संपर्क में रहता है, इसलिए उसके कार्य एवं आचरण से पुलिस विभाग की छवि बनती है। उन्होंने नवआरक्षकों को नए कानूनों के अनुरूप कार्य करने तथा एक कुशल पुलिस अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

दीक्षांत परेड में 9 जिलों के कुल 380 नवआरक्षक शामिल हुए। इनमें राजनांदगांव के 27, कबीरधाम के 43, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के 23, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के 30, कांकेर के 38, कोंडागांव के 49, दंतेवाड़ा के 37, नारायणपुर के 114 तथा जगदलपुर के 10 नवआरक्षक शामिल रहे। समारोह का नेतृत्व परेड कमांडर गणेश्वर कंवर एवं सहायक परेड कमांडर गणेश यादव ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट द्वारा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा, सहायक सेनानी श्री भुनेश्वर सिंह, 10वीं वाहिनी छसबल जिला सूरजपुर तथा एसडीओपी सीतापुर श्री तुल सिंह पट्टावी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में सहायक सेनानी श्री भुनेश्वर सिंह, एसडीओपी सीतापुर श्री तुल सिंह पट्टावी, अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकार, आम नागरिक तथा स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुनीता दास ने किया। दीक्षांत परेड समारोह सुबह 10:30 बजे संपन्न हुआ।



