भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” की भव्य संभागीय कार्यशाला सम्पन्न
संगठन सुदृढ़ीकरण, बूथ सशक्तिकरण और डिजिटल संवाद पर विशेष जोर, प्रशिक्षणार्थियों ने लिया समर्पण का संकल्प

भाजपा कार्यालय में आयोजित “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026” अंतर्गत भव्य संभागीय कार्यशाला उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक संकल्प के साथ सम्पन्न हुई। सरगुजा संभाग के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की प्रभावी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक आयाम प्रदान किया। कार्यशाला को संगठन की वैचारिक मजबूती और बूथ सशक्तिकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।
उद्घाटन सत्र में सांसद चिंतामणि महाराज ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन की रीढ़ को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत संगठन ही सुशासन की गारंटी देता है। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, घर-घर जनसंपर्क सुदृढ़ करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।

प्रथम सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का सिद्धांत संगठन की मूल प्रेरणा है तथा विचार और व्यवहार की एकरूपता ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है।
द्वितीय सत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई, सूरजपुर जिला संगठन प्रभारी शिवनाथ यादव, रायपुर सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह एवं वरिष्ठ नेता रामलखन पैकरा ने संगठन विस्तार, डिजिटल संवाद, सोशल मीडिया की भूमिका और कार्यकर्ता प्रशिक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद न संकीर्ण है और न विभाजक, बल्कि यह भारत की साझा विरासत, पहचान और गौरव का उत्सव है।

विशेष रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शासन की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने पर बल दिया गया। बूथ स्तर पर डेटा प्रबंधन, मतदाता संपर्क और सोशल मीडिया सक्रियता को अभियान का मुख्य आधार बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं-उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि-को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया गया तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने की।
इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह, उद्देश्वरी पैकरा, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया सहित संभाग के सभी विधायक, जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं वरिष्ठों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
संगठन सुदृढ़ीकरण के प्रमुख बिंदुओं में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, विचारधारा आधारित प्रशिक्षण, डिजिटल संवाद एवं सोशल मीडिया सक्रियता, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी प्रचार, युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा आगामी चुनावी रणनीति पर प्रारंभिक मंथन शामिल रहे।
सरगुजा जिले के अध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया ने बताया:- संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया है, यह संभागीय कार्यशाला न केवल प्रशिक्षण का प्रभावी मंच बनी, बल्कि संगठनात्मक विस्तार, वैचारिक स्पष्टता और जनसंपर्क सुदृढ़ीकरण का सशक्त सूत्र भी सिद्ध हुई। आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक अभियानों के लिए इसे दिशा-निर्देशक और प्रेरणास्रोत बताया।



