ब्रेकिंग न्यूज़ NH-43 पर दो भीषण सड़क हादसे, कुल छह घायल
कापू चौक में कार-बाइक की जोरदार टक्कर, पंडरी तालाब के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; एक की हालत गंभीर

The Chalta/सीतापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बुधवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दोनों दुर्घटनाओं में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पहला हादसा: कापू चौक पर भीषण भिड़ंत
एनएच-43 स्थित कापू चौक पर स्विफ्ट डिजायर कार और केटीएम मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल दो हिस्सों में बंट गई, जबकि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल डायल 112 की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घायलों में एक कतकलो का निवासी है, जबकि दो युवक जजगा जामडीह के रहने वाले हैं।

दूसरा हादसा: पंडरी तालाब के पास हिट एंड रन
वहीं, दूसरे हादसे में एनएच-43 पर पंडरी तालाब के समीप प्लेटिना मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
इस दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। तीनों घायलों को जोकडांड का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर एनएच-43 पर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



