होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: ₹3,100 प्रति क्विंटल के अंतर की राशि मिलेगी एकमुश्त
मंत्रिपरिषद की बैठक में बजट 2026-27 और राज्यपाल अभिभाषण के प्रारूप को भी मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी–मार्च 2026) के लिए माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली से पूर्व एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया गया।
सरकार के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25,24,339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि होली से पहले किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय को किसानों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे त्योहारी सीजन से पहले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।



