मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के खातों में भेजी 84.66 करोड़ की छात्रवृत्ति राशि
1.98 लाख विद्यार्थियों को मिली ऑनलाइन छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से हुई पारदर्शी व्यवस्था की शुरुआत

रायपुर, 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय, महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य के 1 लाख 98 हजार विद्यार्थियों के बैंक खातों में 84.66 करोड़ रुपए की शिष्यवृत्ति एवं छात्रवृत्ति राशि ऑनलाइन अंतरित की।
यह पहल मुख्यमंत्री श्री साय के उस संकल्प का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य के विद्यार्थियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
राज्य सरकार की इस नई व्यवस्था से अब अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी—जो शैक्षणिक संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों और तकनीकी व प्रोफेशनल कोर्सों में अध्ययनरत हैं—को सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से छात्रवृत्ति प्राप्त होगी।
नई व्यवस्था के तहत जून, सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर माह में विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऑनलाइन भुगतान प्रणाली से छात्रों को अध्ययन के दौरान आने वाली आर्थिक समस्याओं से राहत मिलेगी और उन्हें अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने में सहायता मिलेगी।