सीतापुर में धूमधाम से अदा की गई ईद-उल-फित्र की नमाज़
ईदगाह में उमड़ी भारी भीड़, गले मिलकर दी मुबारकबाद; भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

The Chalta/सीतापुर/ पवित्र त्योहार ईद-उल-फित्र के अवसर पर पूरे शहर में खुशी, उल्लास और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। आदर्श नगर स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर ईद की नमाज़ अदा की।

सुबह से ही ईदगाह में नमाज़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग नए कपड़े पहनकर पहुंचे और नमाज़ अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

एक महीने तक रोज़ा रखने, नियमित नमाज़ अदा करने और कुरआन की तिलावत के बाद रोज़ेदारों के चेहरों पर रूहानी सुकून और खुशी साफ नजर आई। ईद उनके लिए सब्र, इबादत और अल्लाह की रहमत का इनाम बनकर सामने आई।

इस मौके पर मौलाना नौनिहाल अशरफ मिसबाही साहब ने नमाज़ अदा कराई और दुआ के दौरान इंसानियत, मोहब्बत और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व हमें भाईचारा बढ़ाने, जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में अमन-चैन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और पूरे शहर में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।



