पेटला ग्राम पंचायत में तीन माह से राशन वितरण बंद, ग्रामीणों में आक्रोश, ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित…
विशेष ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित, एसडीएम से जांच व कार्रवाई की मांग

The Chalta/ग्राम पंचायत पेटला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आने वाले करीब 650 राशन कार्ड धारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 का राशन अब तक नहीं मिल पाया है। आरोप है कि राशन दुकान क्रमांक 392003027 के संचालकों द्वारा तीन माह से राशन का वितरण नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम पंचायत पेटला में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने एकमत होकर राशन दुकान संचालकों के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया।
ग्राम पंचायत की सरपंच हर्षिला के नेतृत्व में पारित प्रस्ताव के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय पर राशन नहीं मिलने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।



